पीपलकोटी। बदरीनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव पीपलकोटी में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे व्यवसायियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लो वोल्टेज के कारण व्यवसायियों को शीतल पेय के साथ ही अन्य खाद्य सामग्री को सुरक्षित रखना मुुश्किल बना है। होटलों में जनरेटर के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणा और होटल व्यवसायी सज्जन लाल शाह का कहना है कि सात मई को आंधी-तूफान से पीपलकोटी क्षेत्र में बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई थीं। दो दिन बाद ऊर्जा निगम ने बिजली आपूर्ति सुचारु तो की लेकिन तब से लो वोल्टेज की समस्या बनी है। यहां आने वाले तीर्थयात्री भी परेशान हो रहे हैं। इधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ धनंजय कुमार का कहना है कि पीपलकोटी क्षेत्र में वैकल्पिक रूप से बिजली आपूर्ति बहाल की गई है। जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।