पोखरी। पोखरी-हापला तीन किमी मोटर मार्ग पर मलबा आने से करीब दो घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। सड़क न खुलती देख वाहन चालकों ने सड़क पर आए मलबे और पत्थरों को स्वयं हटाया, तब जाकर वाहनों की आवाजाही सुचारु हो पाई।
बीते दिनों हुई बारिश से यहां पहाड़ी से भूस्खलन होने से पुश्ता क्षतिग्रस्त हो गया था। अभी तक लोनिवि यहां सुधारीकरण कार्य शुरू नहीं कर सका है। यहां भूस्खलन के कारण बार-बार सड़क बंद हो रही है। बुधवार को सुबह नौ बजे सड़क पर मलबा आ गया और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सड़क न खुलती देख वाहन चालक स्वयं आगे आए और मार्ग से मलबा-पत्थर हटाकर 11 बजे के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। हापला घाटी के कलसिर, नौली, नेल, सिदेली, कुलेंडू, गुड़म, मसोली, पाटी, जखमाला, थलगढ़, कुजणी, डांडा और गैर गांव के ग्रामीणों के लिए यह एकमात्र मार्ग यातायात का साधन है। कलसिर गांव के बलवंत सिंह राणा का कहना है कि लोनिवि के अधिकारियों को कई बार अवगत कराने पर भी सड़क की मरम्मत नहीं की जा रही है। इधर, लोनिवि के ईई राजेश चंद्र का कहना है कि सड़क के हिल साइड जल्द ही सुधारीकरण कार्य शुरू किया जाएगा।