श्रीनगर। भारत संचार निगम श्रीनगर में दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। इस मौके पर विभिन्न जनपदों से पहुंचे समिति के सदस्यों ने निगम में घटती कर्मियों की संख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा देने का प्रस्ताव रखा।
मंगलवार को हुई सलाहकार समिति की बैठक में विभिन्न जनपदों से पहुंचे समिति के सदस्यों ने उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा देने के लिए बैठक में सुझाव रखे। बैठक में जनपद पौड़ी के धूमाकोट व पैठाणी क्षेत्र में संचार सेवाओं के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया गया। जबकि चमोली जिले के घाट क्षेत्र में दूरसंचार सेवाओं पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई। बैठक में सुझाव दिया गया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर कमजोर सिग्नल से उपभोक्ताओं को समस्या का समाना करना पड़ रहा है। इसलिए क्षेत्र में उपभोक्ताओं को अच्छी सेवा दिए जाने के लिए त्वरित प्रयास किए जाए। बैठक में निगम के महाप्रबंधक विजय पाल ने सभी मुद्दों पर सलाहकार समिति को यथाशीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर जनपद चमोली से जय प्रकाश वैष्णव, रुद्रप्रयाग से शंकर बगवाड़ी व पौड़ी से मातबर सिंह नेगी के साथ ही रवि भूषण खरे, रमेश कुमार रेड्डी, रमेश कुमार, हितेश कुमार, दिनेश सिंह पंवार, अमित रतूड़ी, रमेश ममगांई आदि मौजूद थे।