ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर।
शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के गेट पर धरना दे रहे लोगों की देहरादून नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे और एसडीएम जितेंद्र कुमार से हुई वार्ता बेनतीजा रही। नगर आयुक्त ने लोगों को प्लांट से उठने वाली दुर्गंध के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया, लेकिन लोग इस पर अमल न होने तक आंदोलन जारी रखे की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि मांग पूरी न होने तक प्लांट में वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। नगरायुक्त ने प्लांट का भी निरीक्षण किया।
पूर्व प्रधान विजयपाल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन लोगों को झूठे आश्वासन देकर धरना समाप्त करने की कोशिश कर रहा है, लेकिन अब लोगों ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। जब तक दुर्गंध पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हो जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। पूर्व सैनिकों ने भी आंदोलन के समर्थन पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
धरना देने वालों में पारस थापा, रविंद्र भट्ट, विजयपाल, सुंदर थापा, चंद्र सिंह, प्रेम गुरुंग, अशोक नेगी, मकर सिंह, हरीश, ईसम पाल, जयदीप, रमेश चंद्र, कर्ण पाल, चरण सिंह, रमा कांत, गणेश, तीर्थ गैरोला, अमित, अंजलि, ऊषा, सरोजनी, सुनीता, ममता, संगीता, माधवी, भागेश्वरी, निशा, आशा, ओमवती, विमला, रेखा आदि शामिल रहे।