ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के विरोध में पछवादून जनकल्याण संगठन का धरना रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चार घंटे तक प्लांट में कूड़ा डालने के लिए पहुंचे वाहनों को गेट पर रोक कर रखा। कहा यदि जल्द ही दुर्गंध पर रोक नहीं लगती तो उन्हें वाहनों का संचालन पूर्ण रूप से बंद करने को मजबूर होना पड़ेगा।
वहीं व्यापार मंडल के अध्यक्ष चैतन्य अनिल गौड़ ने भी अन्य पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पहुंचकर संगठन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि प्लांट से उठ रही दुर्गंध से न सिर्फ आसपास में रहने वाले लोग प्रभावित हो रहे हैं बल्कि, इसका असर वन्य जीव-जंतुओं पर भी पड़ रहा है। प्लांट के आसपास कई शिक्षण संस्था भी हैं। ऐसे में इन संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को भी कक्षाओं में मुंह पर कपड़ा बांध पढ़ाई करनी पड़ती है। कहा यदि जल्द ही प्लांट से उठने वाली दुर्गंध पर रोक नहीं लगती तो पछवादून क्षेत्र में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रविंद्र भट्ट, जगदीश पाल, सुदर्शन, मिठ्ठन लाल, दिनेश महावर, हर्ष गुप्ता, शेखर, सुनील, अशोक, मंगलम, ज्ञान सिंह, मनोज, पंकज, विजय, प्रकाश भट्ट, किशन लाल, नर्गिस, राजेंद्र बलूनी, रमेश गुप्ता, राजीव, सुधीर रावत, सुमित्रा, सरला रौथाण, ज्योति, कमला, रेखा, सुलोचना, रजनी आदि मौजूद रहे।