ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया।
जौनसार बावर क्षेत्र में तैनात शिक्षकों के अप-डाउन करने पर रोक लगाने की मांग पर लोगों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि शिकायत के बाद भी शिक्षकों की कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं आ रहा है।
जिलाधिकारी को भेजे गए ज्ञापन में लोगों ने बताया कि जौनसार बावर क्षेत्र के स्कूलों में तैनात कई शिक्षक रोजाना देहरादून, डोईवाला और विकासनगर आदि क्षेत्रों से आवागमन करते हैं। जिससे छात्रों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ता है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई शिक्षक रोजाना देरी से स्कूल पहुंचते हैं और जल्दी स्कूल बंद कर घर लौट जाते हैं। इसके साथ ही बरसात में कई बार सड़कों के बंद होने पर शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते। जिसके चलते स्कूल में पहुंचे छात्रों की छुट्टी करनी पड़ती है। कहा यदि जल्द ही शिक्षकों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं आता तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ज्ञापन भेजने वालों में जिला पंचायत सदस्य गंदेल सिंह, मधु चौहान, भीम दत्त वर्मा, उजला, अर्जुन सिंह, वीके भारती आदि शामिल रहे।