श्रीनगर। राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि उत्तराखंड सरकार घर घर शराब पहुंचाने का कार्य कर रही है। एक वर्ष के कार्यकाल में राज्य सरकार विकास का कोई आयाम खड़ा नहीं कर पाई है। कहा कि सरकार की नीतियों से त्रस्त जनता थराली उपचुनाव में जवाब देगी।
शनिवार को श्रीकोट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य सभा सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि कर्नाटक के घटनाक्रम ने केंद्र की मोदी सरकार के असली चेहरे को उजागर किया है। यहां लोकतांत्रिक परंपराओं की हत्या हुई है। कर्नाटक में राज्यपाल का निर्णय संघ या बीजेपी के कार्यकर्ता की मानसिकता वाला निर्णय है। राज्यपाल अपनी भूमिका से न्याय नहीं कर पाए। थराली उपचुनाव के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी डा. जीतराम टम्टा भारी मतों से विजयी होंगे।