ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती ।
देहरादून से आए बौद्घ धर्म के आचार्य किन्ले ग्यालत्सेन, लामा नामग्या, लामा ताशी ने परमार्थ निकेतन में आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से भेंट की। साथ ही बौद्ध धर्मगुरु ड्रिकुंग चिटसंग रिमपोचे के संदेश व भावी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। स्वामी ने परमार्थ निकेतन द्वारा लद्दाख में किए जा रहे पौधरोपण अभियान व संस्कृतियों के आदान-प्रदान के लिए बौद्ध भिक्षुओं को परमार्थ निकेतन में ध्यान, योग और पर्यावरण संरक्षण के विषय संबंधी जानकारी दी। स्वामी ने बताया कि रिस्पना के तट पर पौधरोपण के लिए एक नर्सरी तैयार की गई है, जिसमें जल शुद्ध करने वाले औषधियुक्त पौधों को तैयार किया जा रहा है। इन पौधों का रोपण रिस्पना के तटों पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा के दोनों तटों पर पौधरोपण के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसके लिए स्थानीय सभी लामा, भिक्षु, धार्मिक संगठन, जन समुदाय व सामाजिक संस्थाओं को प्रेरित किया जाएगा। बताया गया कि अगले माह जून में धर्मगुरुओं व बौद्ध संप्रदाय के विद्वानों द्वारा देहरादून और ऋषिकेश क्षेत्र में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने सभी से रिस्पना के सौंदर्यीकरण अभियान में सहभागिता की अपील की है। बताया गया कि इस कार्ययोजना में परमार्थ निकेतन, लामा, बौद्ध भिक्षु, बौद्ध धर्म के अनुयायी, मेक इन डिफरेंस के अभिजय नेगी आदि संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।