श्रीनगर। गढ़वाल विवि बिड़ला परिसर के नवनिर्वाचित शिक्षक एसोसिएशन की प्रथम आम बैठक में वरिष्ठता निर्धारण व एलटीसी का मुद्दा छाया रहा। बैठक में शिक्षकों की वरीयता यूजीसी के नियमानुसार निर्धारित किए जाने की बात भी कही गई।
बृहस्पतिवार को बिड़ला परिसर शिक्षक एसोसिएशन की बैठक एसीएल हॉल में आयोजित की गई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष डा. आरएस नेगी ने पदाधिकारियों की ओर से सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से शिक्षकों की पदोन्नतियां रुकी हुई हैं। जबकि इस संबंध मे विवि प्रशासन से कई बार वार्ता की जा चुकी है। शिक्षकों ने प्राथमिकता से पदोन्नति के मामले में कार्रवाई किए जाने की बात कही। प्रो. एससी नौटियाल ने कहा कि एलटीसी के साथ शिक्षकों को भी 10 दिनों के अवकाश का वेतन भुगतान किया जाना चाहिए। प्रो. नौटियाल ने समस्त शिक्षकों की वरीयता सूची यूजीसी के नियमानुसार जारी किए जाने की बात भी कही। इसके अलावा बैठक में सभी शिक्षकों को हेल्थ कार्ड उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई। मौके पर में महासचिव डा. वाईपी रैवानी, उपाध्यक्ष डा. बीपी नैथानी, सह सचिव डा. राजेंद्र फत्याल, कोषाध्यक्ष डा. जीके जोशी, प्रो. एचसी नैनवाल, प्रो. डीएस नेगी, प्रो. पीएम सकलानी, प्रो. आरसी डिमरी, प्रो. गीता जोशी आदि ने भी विचार व्यक्त किए।