ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में नर्सिंग स्टाफ मुहैय्या कराने वाली आउटसोर्सिंग कंपनी कोर सिक्योरिटी सर्विसेज को एम्स प्रशासन ने सोमवार को सेवा समाप्ति का नोटिस थमा दिया है। बताया गया कि एक माह के लिए जारी किए गए नोटिस के तहत अगले माह 13 जून 2018 से कंपनी की एम्स से जुड़ी सेवाएं समाप्त हो जाएंगी। गौरतलब है कि बीते दिनों एम्स की आउटसोर्सिंग कंपनी कोर सिक्योरिटी सर्विसेज कंपनी पर नर्सिंग स्टाफ पद पर भर्ती के नाम पर अभ्यर्थियों से तीन से चार लाख रुपये की वसूली का आरोप लगा था। इसके बाद एम्स प्रशासन की ओर से बीते नौ व 10 मई को कंपनी को 48 घंटे का कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कंपनी को बीते शनिवार तक जवाब दाखिल करना था, मगर कंपनी की ओर से एम्स प्रशासन को इसका कोई जवाब नहीं दिया गया । जिसके बाद हरकत में आए एम्स प्रशासन की ओर से सोमवार को उक्त प्रकरण पर सेवा समाप्ति का नोटिस थमा दिया गया। एम्स के प्रशासनिक अधिकारी शशिकांत की ओर से जारी नोटिस में बताया गया कि कंपनी की सेवाएं अगले माह 13 जून से समाप्त समझी जाएंगी। बताया गया कि पूर्व में मेडिकल स्टोर व फूड प्लाजा को अनुबंध की धाराओं के खिलाफ तुरंत खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे, जिसके खिलाफ दोनों एजेंसियां न्यायालय में चले गए थे और उन्हें न्यायालय से स्टे जारी कर दिया गया था।
बताया गया कि अनुबंध की धाराओं के तहत जारी नोटिस में उन्हें प्रस्तावित समय नहीं दिया गया था, लिहाजा उक्त प्रकरण पर एम्स प्रशासन को अभी भी न्यायालय में पैरवी करनी पड़ रही है। एम्स के जन संपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल के अनुसार इस बार एम्स प्रशासन ने उक्त गलती की पुनरावृत्ति नहीं की और इस बार आउटसोर्सिंग कंपनी मैसर्स कोर सिक्योरिटी सर्विसेज को अनुबंध की धारा 4 के तहत एक महीने का सेवा समाप्ति का नोटिस दिया है, जिसके बाद कंपनी की सेवाएं समाप्त हो जाएंगी।