ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
वन सीमा से सटे गांवों में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। शाम ढलते ही हाथियों का झुंड आबादी में घुसकर किसानों की खेेतों में तैयार हो रही गन्ने की फसल को रौंद रहा है। वन सीमा से सटे सिमलास ग्रांट, दूधली, झंड़ौंद, नांगल ज्वालापुर आदि तमाम गांवों में इन दिनों जंगली हाथियों का झुंड लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया हैं। हाथियों के झुंड ने किसान जागीर सिंह, खड़क सिंह, राजेंद्र बिष्ट, गुलाब सिंह, राजेंद्र वर्मा आदि किसानों की कई बीघा गन्ने की फसल रौंद डाली।
हाथियों का झुंड दूधली मोथरोवाला बाईपास मार्ग से होकर देहरादून जाने वाले लोगों को भी परेशान कर रहा हैं। सिमलास ग्रांट के पूर्व प्रधान उम्मेद वोरा ने कहा कि विभाग और सरकार जंगली हाथियों की समस्या को गंभीरता से नहीं ले रही हैं। तीन सालों से किसानों को मुआवजा भी नहीं मिला है। भाजपा नेता करन सिंह वोरा ने कहा कि जंगली हाथियों की समस्या को मुख्यमंत्री के पास ले जाकर निदान की मांग की जाएगी। लच्छीवाला रेंजर घनानंद उनियाल ने बताया कि हाथियों को खदेड़ने के लिए गश्त बढ़ा दी गई हैं।