बदरीनाथ/उत्तरकाशी। धाम में शनिवार को 8803 तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए। अभी तक बदरीनाथ धाम में 155182 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। बदरीनाथ में मौसम सामान्य बना हुआ है। शनिवार को दोपहर बाद धाम में मौसम खराब हुआ और कुछ देर तक बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ का कहना है कि बदरीनाथ धाम के दर्शन कर तीर्थयात्री धाम के अन्य तीर्थस्थलों के सैर-सपाटे पर भी पहुंच रहे हैं।
उधर, उत्तरकाशी स्थित यमुनोत्री-गंगोत्री में शनिवार को कुल 10935 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। वहीं यमुनोत्री धाम में देर शाम से बारिश शुरू हो गई है। इधर, गोमुख, सप्तऋषि कुंड आदि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। शनिवार को यमुनोत्री धाम में 5110 व गंगोत्री धाम में 5825 तीर्थयात्रियों ने मां गंगा के दर्शन किए।