गोपेश्वर। थराली विधानसभा उप चुनाव के सफल संचालन के लिए शुक्रवार को जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी एवं प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। थराली विधानसभा क्षेत्र में 28 मई को उप चुनाव होना है। मतदान के लिए 178 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। यहां चुनाव कार्यों के सफल संचालन के लिये जिला निर्वाचन विभाग की ओर से पांच जोनल मजिस्ट्रेट, 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 276 पीठासीन अधिकारी एवं 276 प्रथम मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जीजीआईसी गोपेश्वर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में जनरल ऑब्जर्वर डा. केएच कुलकर्णी ने सभी मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया की विस्त़ृत जानकारी दी। उन्होंने कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सही से अध्ययन कर निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष जोशी ने मतदान कार्मिक से वोटिंग की प्रणाली को भंली भांति समझने और प्रशिक्षण के दौरान सभी शंकाओं का समाधान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राजकीय इंटर कालेज कुलसारी से पोलिंग पार्टियों को मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया जाएगा। इस मौके पर नोडल अधिकारी कार्मिक/पीडी प्रकाश रावत, योगेश धस्माना, आत्म प्रकाश डिमरी, मनोज तिवारी, डा प्रेम प्रकाश, केसी पंत और खीम सिंह कण्डारी आदि मौजूद थे।