श्रीनगर। गढ़वाल विवि प्रशासन ने अपने विभागाध्यक्षों, स्कूलों के डींस व अधिकारियों को मिलने वाली पोस्टपेड फोन सुविधा बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। जून माह से विवि किसी भी अधिकारी, विभागाध्यक्ष व डींस के फोन बिल का भुगतान नहीं करेगा। विवि प्रशासन ने आदेश जारी कर विवि की ओर से मिले पोस्टपेड कनेक्शनों को प्री-पेड में परिवर्तित करने निर्देश जारी कर दिए हैं।
विवि प्रशासन ने करीब दो सौ अधिकारियों को पोस्ट पेड मोबाइल कनेक्शन उपलब्ध कराए थे, जिनका प्रशासन प्रतिमाह करीब 3 लाख रुपये का भुगतान करता था। अब विवि प्रशासन ने पोस्टपेड फोन सुविधा बंद करने का निर्णय लिया है। कुलसचिव डा. एके झा ने बताया कि जून माह से विवि के किसी भी अधिकारी के पोस्ट पेड फोन बिल का भुगतान नहीं किया जाएगा। विवि की ओर से जिन्हें पोस्ट पेड कनेक्शन आवंटित किए गए हैं। उन्हें इन पोस्टपेड कनेक्शनों को प्री-पेड कनेक्शन में परिवर्तित करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। 31 मई तक विवि की ओर से जारी सभी पोस्टपेड कनेक्शनों को हर हाल में प्री-पेड कराना होगा। ऐसा न करने अधिकारी या शिक्षक को अपने बिल का भुगतान स्वयं करना होगा। वहीं निर्णय की सभी अधिकारियों, शिक्षकों व छात्रों ने सराहना की है। निर्णय से विवि प्रशासन को प्रतिमाह ढाई से तीन लाख का फायदा होगा।