ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से उठ रही दुर्गंध के विरोध में बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय लोगों ने पछवादून जन कल्याण संगठन के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने दुर्गंध पर रोक न लगने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
संगठन के अध्यक्ष परमार सिंह ने कहा कि अब लोगों ने आर-पार की लड़ाई का एलान किया है। दुर्गंध पर रोक न लगने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कई बार की मांग के बावजूद शासन की नींद नहीं टूट सकी है। प्रदूषण पर आधारित झूठी रिपोर्ट के आधार पर लोगों को बेवकूफ बनाने का प्रयास किया जा रहा है। सचिव रविंद्र भट्ट ने कहा कि प्लांट से उठ रही दुर्गंध से लोग सांस की बीमारी के शिकार हो रहे हैं। जून से बरसात शुरू हो जाएगी। जिससे कूड़े के सड़ने की प्रक्रिया ओर तेज होगी। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। कहा सरकार को प्लांट को अन्यत्र शिफ्ट करना चाहिए। संचालन संगठन के उपाध्यक्ष सुंदर थापा और पारस थापा ने किया। धरना देने वालों में जिला पंचायत सदस्य राशिद पहलवान, जगदीश पाल, अमित अग्रवाल, सुनील, बबलू रावत, दिलशाद, सोनू, परमित, सत्यप्रकाश जुयाल, नीरज, मेहरूना, सुनीता, रेखा, विमला, दिया, ज्योति, उमा, सुलोचना, सोनी, कुमकुम, निशा, विनिता, प्रेम सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।