ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
ट्रांसफार्मर फुंकने से तहसील क्षेत्र के सिलावड़ा गांव में एक सप्ताह से बिजली नहीं है। लोगों को लालटेन और जोक्टी के सहारे रात रोशन करनी पड़ रही है। रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी विभाग ट्रांसफार्मर को नहीं बदल रहा है।
ट्रांसफार्मर फुंकने से सिलावड़ा गांव में एक सप्ताह से बिजली नहीं होने से 50 परिवारों की दिनचर्चा पूरी तरह से गड़बड़ा गई है। विद्युत उपकरण शोपीस बने हुए हैं। मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को दो किमी दूर चिल्हाड़ गांव जाना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान हृदय सिंह, रोशन लाल आदि का कहना है कि शिकायत के बाद भी विभाग ने अब तक ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जा सका है। शाम ढलते ही गांव में अंधेरा पसर जाता है। लोगों के रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। कहा यदि विभाग जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल नहीं करता तो उन्हें त्यूनी स्थित सब स्टेशन कार्यालय में तालाबंदी को मजबूर होना पड़ेगा। उधर, एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि विकासनगर से नया ट्रांसफार्मर मंगाया गया है। एक-दो दिन के भीतर गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।