ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
विकासखंड की क्षेत्र पंचायत डोईवाला की बैठक बृहस्पतिवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित की गई। भानियावाला के प्रधान शेर सिंह सैनी ने सदन में सीमा विस्तार पर दी गई आपत्ति का जवाब नहीं मिलने का मामला उठाया। दूधली के क्षेत्र पंचायत सदस्य दरपान वोरा ने चार गांवों के लिए ओवरहैड टैंक की जरूरत पर जोर दिया। कान्हरवाला के बीडीसी मोहन सिंह चौहान ने सिंचाई की गूल बनाने की मांग रखी तो जौलीग्रांट के बीडीसी पंकज रावत ने क्षतिग्रस्त नहरों को दुरुस्त करने को कहा।
वहीं माजरी ग्रांट की प्रधान किरण पाल ने गांव में बिजली के पोल का अभाव बताया। मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत ने कहा कि समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख बीना देवी ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से समस्याओं का निदान जल्द होता हैं। अधिकारियों ने सदस्यों की समस्याओं को चिह्नित किया और विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष डबल सिंह भंडारी, खंड विकास अधिकारी अनीता पंवार, डीएस नेगी, टीएस राणा समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।