थराली। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में सरकारी नौकरियों में 20 हजार पद खत्म कर दिए गए हैं। वृद्घावस्था, विकलांग पेंशनरों की संख्या कम कर दी गई है। सस्ते गल्ले की दुकानों को बंद करने की साजिश की जा रही है। मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत दी जाने वाली सुविधा को खत्म कर दिया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री रावत कांग्रेस प्रत्याशी डा. जीतराम के समर्थन में केदारबगड़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र में कई काम हुए हैं, लेकिन भाजपा की प्रदेश और केंद्र सरकारें केवल जाति और धर्म की राजनीति कर रही हैं। कांग्रेस ने एक ही जिले में चार तहसीलें बनाईं, लेकिन भाजपा की सरकार इन तहसीलों में सुविधाएं नहीं जुटा सकी।
प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने प्रदेश सरकार को खनन और शराब माफिया की सरकार बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में विकास के सभी कार्य बंद हो गए हैं। प्रदेश में माफिया राज कायम हो गया है। नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा हृदयेश ने कहा कि थराली उपचुनाव प्रदेश की दिशा और दशा तय करेगा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल और डा. एपी मैखुरी ने कहा कि थराली विधानसभा को भाजपा ने कुरुक्षेत्र बना दिया है। सभा को केदारनाथ के विधायक मनोज रावत, पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने भी संबोधित किया। महावीर बिष्ट और विनोद रावत के संचालन में हुई जनसभा में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, महेंद्र पाल, प्रत्याशी और पूर्व विधायक डा. जीतराम, राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, ब्लाक प्रमुख उर्मिला बिष्ट, डीडी कुनियाल, देवी जोशी, इंद्र सिंह राणा, सुनील पंवार, मुकेश नेगी, सरिता आर्य, मयूख महर, हरिकृष्ण भट्ट, बीरेंद्र रावत, देवराज रावत, सुशील रावत, गोदांबरी रावत आदि मौजूद थे।
नेता बोले
भाजपा ने पूर्व में करोड़ो रूपया देकर कांग्रेस के नेताओं को खरीदा। लेकिन अब जनता भाजपा का चरित्र समझ चुकी है। और थराली का उपचुनाव में कांग्रेस को अपार समर्थन मिलेगा।
-------किशोर उपाध्यक्ष पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस।
नोटबंदी की समस्या आज भी बनी है। बैंकों से लोगों को अपना पैसा नहीं मिल पा रहा है, जिससे देश, प्रदेश और पहाड़ में आर्थिक नुकसान हो रहा है।
----डा. इंदिरा हृदयेश