जोशीमठ। मौसम सामान्य होने पर बृहस्पतिवार से हेमकुंड साहिब पैदल ट्रैक से बर्फ हटाने का काम भी शुरू हो गया है। 416 इंजीनियरिंग कोर के 25 जवानों ने हेमकुंड साहिब की ओर से बर्फ हटाने का काम शुरू किया है। तीन किलोमीटर ट्रैक पर बर्फ अधिक होने से गोविंदघाट से सेना के दस अतिरिक्त जवानों को भी हेमकुंड साहिब भेज दिया गया है। इन दिनों हुई बर्फबारी से हेमकुंड साहिब में करीब तीन फीट ताजी बर्फ जम गई है, जिससे जवानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
हेमकुंड साहिब के कपाट आगामी 25 मई को सुबह नौ बजे खुल जाएंगे। गोविंदघाट गुरुद्वारा प्रबंधन समिति 22 मई तक ट्रैक से पूरी तरह से बर्फ हटा देने का दावा कर रही है। समिति के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह का कहना है कि अटलाकुड़ी से हेमकुंड साहिब तक तीन किलोमीटर यात्रा मार्ग में पांच से छह फीट बर्फ जमीं हुई है। लगातार मौसम खराब होने से बर्फ हटाने का काम प्रभावित हो रहा है। अब मौसम सामान्य हुआ है, लिहाजा बर्फ हटाने का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। 22 मई तक ट्रैक से बर्फ पूरी तरह से हटा ली जाएगी।