श्रीनगर। टिकट नहीं मिलने पर भाजपा प्रदेश सचिव पद से इस्तीफा देने वाले बलबीर घुनियाल अब पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए मन से काम करने की बात कह रहे हैं। श्रीनगर में पत्रकारों से वार्ता के दौरान घुनियाल ने कहा कि चुनाव लड़ने का दबाव जनता का था। जनता के दबाव पर ही उन्होंने नामांकन पत्र खरीदा था, लेकिन अब वह दावेदारी नहीं कर रहे हैं। पार्टी के प्रत्याशी की जीत के लिए मन से कार्य करेंगे।
शनिवार को श्रीकोट स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता के दौरान बलबीर गुनियाल ने कहा कि वह वर्ष 2007 से लगातार दावेदारी कर रहे थे। इस बार के उप चुनाव में भी उन्होंने जनता के दबाव में दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी गाइड लाइन के अनुसार परिजन को ही टिकट दिया गया। घुनियाल ने कहा कि नाराजगी जताते हुए मैने पार्टी पद से इस्तीफा दिया था, पार्टी से नहीं। हाईकमान ने मुझे भविष्य में अवसर देने का आश्वासन दिया है। कहा कि परिवार में रूठना मनाना चलता है। अब मेरी नाराजगी दूर हो गई है। पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए कार्य करेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी उर्बादत्त भट्ट भी मौजूद थे।