ब्यूरो/अमर उजाला
साहिया।
भंजरा-पंचरा स्थित देव मंदिर से बौठा और चालदा महासू की देव पालकी एक दिन के प्रवास पर सुरेऊ गांव पहुंची। पूरा गांव देव उद्घोष से गूंज उठा। लोगों ने देव दर्शन कर सुख और समृद्धि की कामना की। देव पालकी को कंधा देने के लिए लोग आतुर नजर आए। महिलाओं ने देवता को धूप दिखाई। देर रात तक लोगों ने जागकर देव आराधना की। नराया गांव से भी चालदा महासू की देव डोरिया इस महोत्सव में शामिल होने के लिए पहुंची। पूरा गांव महासू देवता के उद्घोष से गूंज उठा।
गांव निवासी गुलाब सिंह चौहान, दर्शन सिंह चौहान और चमन सिंह चौहान के निमंत्रण पर देव पालकी एक दिन के प्रवास पर गांव पहुंची। लोगों ने देव पालकी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। सुबह पूजा-अर्चना के बाद दोपहर दो बजे देव पालकी भंजरा-पंचरा गांव से सुरेऊ के लिए रवाना हुई। देव पालकी सैलालानी गांव होते हुए सुरेऊ पहुंची। शाम चार बजे देव पालकी ने घर में प्रवेश किया। जिसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने प्रसाद गृहण कर धर्मलाभ कमाया।
इस मौके पर पुजारी भगत राम शर्मा, भंडारी भगत सिंह चौहान, महासू देवता खत सिलगांव के अध्यक्ष कृपाराम शर्मा, लाल सिंह चौहान, आशा राम शर्मा, प्रताप सिंह चौहान, मीन सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।