बदरीनाथ।बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी, रुद्रनाथ सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार को बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। बदरीनाथ धाम में ठंड बढ़ने से तीर्थयात्री अपने कमरों में ही दुबके रहे। चमोली जिले के निचले क्षेत्रों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। गोविंदघाट से बदरीनाथ तक सुबह दस बजे से देर शाम तक हुई बारिश से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में खतरनाक बन गया है। यहां पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से रुक-रुककर यात्रा वाहनों की आवाजाही कराई गई।
गोविंदघाट के थानाध्यक्ष हेमदत्त भारद्वाज ने बताया कि गोविंदघाट से बदरीनाथ तक दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे बदरीनाथ क्षेत्र में ठंड में इजाफा हो गया है। उन्होंने बताया कि बदरीनाथ हाईवे सुचारु है। यदि बारिश लगातार रहती है तो लामबगड़ में यातायात सुचारु रखने में दिक्कतें होंगी।