कर्णप्रयाग/गैरसैंण। भराड़ीसैण पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि गैरसैंण और पहाड़ का विकास दूरबीन से भी नहीं दिख रहा है। रावत ने कहा कि प्रदेश की त्रिवेंद्र सरकार के सवा साल के कार्यकाल में पहाड़ के विकास का पहिया जाम हो गया है।
शनिवार को भराड़ीसैंण विधानसभा भवन निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण करने के दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किया। कहा कि भराड़ीसैंण में कांग्रेस सरकार द्वारा स्वीकृत भराड़ीसैंण सचिवालय के लिए प्रदेश सरकार डेढ़ साल में एक पत्थर भी नहीं लगा पाई है। वहीं भराड़ीसैंण को पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ से जोड़ने के लिए स्वीकृत आठ सड़कों की फाइल भी ठंडे बस्ते में चली गई है।
निरीक्षण से पूर्व जीएमवीएन में हुई पत्रकार वार्ता में सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत को शराब का सेल्समैन बताते हुए हरीश रावत ने कहा कि नौ लीटर तक शराब ले जाने की परमीशन शराब को बढ़ावा देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से थराली विधानसभा उपचुनाव, निकाय, लोकसभा और पंचायत चुनावों में एकजुट होकर काम करने की अपील की। इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुरेश कुमार बिष्ट, ब्लाक प्रमुख सुमति बिष्ट, प्रांतीय प्रवक्ता हरिकृष्ण भट्ट, राजा चौहान, महेश खंडूड़ी आदि शामिल थे। पूर्व सीएम हरीश रावत का गैरसैंण, आदिबदरी, सिमली, कर्णप्रयाग और गौचर में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।