जोशीमठ। डुंगरी-बरोसी क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बहाल करने के लिए ऊर्जा निगम ने ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को पैनी, तल्ला व मल्ला हेलंग गांव में दो ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिए गए हैं। करीब दो किलोमीटर क्षेत्र में लाइन बिछाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने दो दिनों के भीतर क्षेत्र के नौ गांवों में बिजली सप्लाई शुरू कर देने का दावा किया है।
गत दो मई को अंधड़ से डुंगरी-बरोसी क्षेत्र में यूपीपीसीएल (उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड) की हाईटेंशन लाइन से क्षेत्र में सप्लाई हो रही 11 केवी की विद्युत लाइन में अतिरिक्त करंट दौड़ गया था, जिससे आठ ट्रांसफार्मर फुंक गए थे। साथ ही बिजली से निकली आग से क्षेत्र में तीन गोशालाएं भी जलकर राख हो गई थी। बिजली गुल होने से करीब 3000 की आबादी तीन दिनों से अंधेरे में है। ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कैलाश कुमार का कहना है कि पैनी, तल्ला और मल्ला हेलंग में देर रात तक बिजली चालू कर दी जाएगी। यूपीपीसीएल की हाईटेंशन लाइन से ऊर्जा निगम को करीब 60 लाख का नुकसान हुआ है। कॉरपोरेशन को क्षति की भरपाई का नोटिस भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि दो दिन के भीतर प्रभावित क्षेत्र में विद्युत सप्लाई कर दी जाएगी।