ब्यूरो/अमर उजाला,डोईवाला।
शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज डोईवाला के भूूूगोल विभागीय परिषद की ओर से पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि कॉलेज प्राचार्य डॉ. एमएसी नैनवाल ने विभाग की ओर से साल भर आयोजित की गई पोस्टर, मॉडल, मानचित्र निर्माण और समूह चर्चा आदि प्रतियोगिताओं में स्थान बनाने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान मानचित्र प्रतियोगिता में निधि सजवाण, मॉडल में मोहम्मद रजा, कोलाज में हरितिमा को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर डॉ. नैनवाल ने कहा कि छात्र के अंदर कोई न कोई प्रतिभा होती है। ऐसी प्रतिस्पर्धाएं उनको आगे लाने में कारगर साबित होती हैं।
विभाग प्रभारी डॉ. अरुणा सूत्राधार ने विभागीय परिषद की वार्षिक गतिविधियों का ब्यौरा रखा। मीडिया प्रभारी डॉ. केएल तलवाड़ ने कहा कि विभागीय परिषद की गतिविधियों से छात्र के व्यक्तित्व में निखार आता है। इस दौरान जूनियर छात्रों ने सीनियर विद्यार्थियों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। समारोह में डॉ. डीएस नेगी, डॉ. एसके कुडियाल, डॉ. केएल तलवाड़, डॉ. सविता तिवारी, डॉ. राकेश नौटियाल आदि मौजूद थे।