गोपेश्वर। चमोली जिले में बुधवार शाम पांच बजे ठप हुई विद्युत आपूर्ति करीब 16 घंटे बाद बृहस्पतिवार को दोपहर में एक बजे सुचारु हो पाई। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश से श्रीनगर के बीच ऊर्जा निगम की हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने से बिजली सप्लाई ठप पड़ गई थी। बुधवार को यात्रा पड़ावों पर भी बिजली गुल होने से तीर्थयात्रियों ने भी अंधेरे में रात गुजारी। यूकेडी के मुख्य प्रवक्ता सतीश सेमवाल और गोपेश्वर महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनमोहन चतुरा का कहना है कि चमोली और रुद्रप्रयाग जिले को बिजली सप्लाई करना वाली विद्युत लाइन के जीर्ण-शीर्ण होने से बार-बार बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। इधर, ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कैलाश कुमार का कहना है कि विद्युत सप्लाई सुचारु कर दी गई है। ब्यूरो