जोशीमठ। जंगल से भटक कर आबादी क्षेत्र में पहुंचे भालू के बच्चे को फौजी ने वन विभाग के हवाले कर दिया। बृहस्पतिवार को भालू का एक बच्चा अपनी मां से बिछड़कर तपोवन गांव में आबादी क्षेत्र में पहुंच गया था। भालू के बच्चे को देख गांव के कुत्ते उसके पीछे दौड़ पड़े। ग्रामीण भालू के बच्चे को कुत्तों के डर से बचा नहीं पा रहे थे। बाद में गांव के ही सेना के जवान नवीन फरस्वाण और ग्रामीण ओमप्रकाश डोभाल ने भालू के बच्चे को कुत्तों से बचाकर एक कमरे में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने पर पार्क प्रशासन के कर्मचारियों ने गांव में पहुंच कर भालू के बच्चे को अपने कब्जे में ले लिया है। ब्यूरो