गौचर। सारी गांव का एक किशोर मंगलवार शाम से लापता है। ग्रामीणों ने देर रात पुलिस चौकी गौचर में मामले की सूचना देकर खोजबीन शुरू की, लेकिन बुधवार शाम तक भी किशोर का पता नहीं चल पाया।
अमित कंडारी (17) पुत्र वसुदेव कंडारी निवासी सारी मंगलवार शाम जीजीआईसी मार्ग पर स्थित अपनी दुकान को बंद करके घर के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि सारी के पुल तक पहुंचते हुए गांव के कुछ लोगों ने उसे देखा था, लेकिन इसके बाद वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। मोबाइल स्विच ऑफ होने से परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन की। लापता अमित के पिता वसुदेव कंडारी, ईश्वर सिंह बिष्ट, पृथ्वी सिंह, सुरेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने पुलिस चौकी गौचर में अमित के लापता होने की सूचना दी। वहीं चौकी प्रभारी आशीष रबियान का कहना है कि वह स्वयं चौकी में मौजूद हैं, लेकिन उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं है।