बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम को स्वच्छ रखने के लिए नगर पंचायत ने धाम में पॉलिथीन पर पूर्ण रुप से प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठान में पॉलिथीन का इस्तेमाल होने पर संबंधित व्यापारी से पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
बुधवार से बदरीनाध धाम में नगर पंचायत की ओर से डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का कार्य शुरू हो गया है। वाहन से कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। नगर पंचायत व्यापारियों को जैविक और अजैविक कूड़े के लिए कूड़ेदान भी मुहैया कराएगी। बदरीनाथ मंदिर परिसर के साथ ही नगर क्षेत्र में 60 बड़े डस्टबिन भी रखे जाएंगे। नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी बीना नेगी ने बताया कि नगर के 300 व्यापारियों को डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रत्येक दिन दुकान और रेस्टोरेंट से डोर-टू-डोर वाहन से कूड़ा उठाया जाएगा। पथ प्रकाश के लिए धाम में नगर पंचायत की ओर से 150 एलईडी बल्ब लगाए जाएंगे। ब्यूरो