गैरसैंण। सोमवार देर रात को अस्पताल में चिकित्सक द्वारा दवा बाहर से मंगाने पर तीमारदारों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। हालांकि बाद में अस्पताल पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
सोमवार देर रात उषा देवी पत्नी चतुर सिंह निवासी गोगना मल्ला की तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान ड्यूटी पर तैनात सीएचसी की डा. आकांक्षा ने पर्ची पर लिखकर दवा बाहर से लाने के लिए कहा। इस पर तीमारदारों ने हंगामा कर दिया। डा. की सूचना पर अस्पताल पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। बाद में मरीज को अस्पताल में ही दवा और उपचार दिया गया। इधर डा. आकांक्षा ने बताया कि रात में कुछ लोग नशे में मोबाइल से फोटो खींच रहे थे। आपत्ति करने पर लोग बिगड़ गए और पुलिस बुलानी पड़ी। दवा बाहर से मंगाने की बात को डा. आकांक्षा ने खारिज किया। इधर, पुलिस उपनिरीक्षक जेएस गुसाईं ने कहा कि सूचना पर अस्पताल जाकर मामला शांत किया गया। चिकित्साधीक्षक डा. मनी भूषण पंत ने बताया कि कुछ लोग शराब के नशे में थे, जिन्हें पुलिस द्वारा समझा कर मामला सुलझा लिया गया।