ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
बुद्ध पूर्णिमा पर तीर्थनगरी में हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाकर पुण्यलाभ अर्जित किया। इस मौके पर उन्होंने पितरों को तर्पण व ब्राह्मणों व भिक्षुओं को दान देकर धर्म कमाया। स्नान पर्व पर गंगातटों पर तड़के से दोपहर बाद तक श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ रही। सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व पर ब्रह्ममुहूर्त से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आमद शुरू हो गई थी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने त्रिवेणीघाट, साईं घाट, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला, तपोवन आदि क्षेत्रों में गंगातटों व घाटों पर मोक्षदायिनी में पवित्र डुबकी लगाई और ब्राह्मणों, भिक्षुओं को दान देकर पुण्य अर्जित किया। दूसरी ओर बुद्ध पूर्णिमा पर बौद्ध धर्मावलंबियों ने भगवान बुद्ध के मंदिरों में दर्शन किए। इस दौरान स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ ही विभिन्न प्रांतों से यहां जुटने वाले तीर्थयात्रियों ने भी मोक्षदायिनी में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया।