ब्यूरो/अमर उजाला/चकराता।
कैंट बोर्ड चकराता के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को मुख्य बाजार में पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दुकानों से भारी मात्रा में पॉलीथिन, प्लास्टिक ग्लास और प्लेटें जब्त की गई। अचानक चले अभियान से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
मुख्य अधिशासी अधिकारी जोंस विकास के नेतृत्व में बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे टीम मुख्य बाजार पहुंची। टीम ने जैसे ही दुकानों से पॉलीथिन, प्लास्टिक ग्लास और प्लेटों को जब्त करना शुरू किया तो दुकानदारों में हड़कंप मच गया। ज्यादातर दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी। इस दौरान टीम ने वीर केसरी मार्केट, सदर बाजार, चौक बाजार के पास अभियान चलाया। मुख्य अधिशासी अधिकारी ने दुकानदारों को दुबारा से पॉलीथिन और प्लास्टिक से बना सामान बेचने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। बताया कि जब्त किए गए सामान को वापस नहीं किया जाएगा। चालान की कार्रवाई की जाएगी।