ब्यूरो/अमर उजाला,श्यामपुर।
संभागीय परिवहन विभाग की ओर से डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों के प्रति जागरुक किया गया। इस दौरान एआरटीओ डॉ. अनीता चमोला ने बच्चों को हेलमेट नहीं पहनने से होने वाले नुकसान को लेकर जागरुक किया। बृहस्पतिवार को डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं को जागरुक किया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन का संचालन नहीं करना चाहिए। इससे दुर्घटना होने पर सिर पर चोट लगने से चालक की मौत भी हो सकती है। उन्होंने कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनने के फायदों से भी बच्चों को अवगत कराया।
इस अवसर पर संभागीय परिवहन विभाग की ओर से चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कक्षा तीन से पांच वर्ग के छात्र-छात्राओं में वैष्णवी रतूडी प्रथम, ओम पुरोहित द्वितीय व प्रियांशु चमोली तृतीय रहे। वहीं कक्षा छह से आठ वर्ग के छात्र-छात्राओं में जान्हवी प्रथम, आस्मी नेगी द्वितीय और आयुष पुर्वाल तृतीय स्थान पर रहे। अव्वल बच्चों को एआरटीओ डॉ. चमोला ने विभाग की ओर से पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव कुमार सहगल ने छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों के प्रति जागरुक करने के लिए एआरटीओ अनीता चमोला का धन्यवाद ज्ञापित किया।