चमोली। शादियों का सीजन और चारधाम यात्रा शुरू होने से जिले में वाहनों की कमी दिखने लगी है। बदरीनाथ हाईवे पर कर्णप्रयाग, लंगासू, चमोली, पीपलकोटी सहित ग्रामीण संपर्क मार्गों पर संचालित होने वाली अधिकांश बस और टैक्सी चारधाम यात्रा के लिए हरिद्वार और ऋषिकेश चले गए हैं। ऐसे में लोगों को गंतव्य तक जाने के लिए वाहन तक नहीं मिल रहे हैं।
बृहस्पतिवार को चमोली में वाहन का इंतजार कर रहे महिपाल, सुभाष, कंचन, माहेश्वरी देवी, दिगंबर का कहना है कि दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी कर्णप्रयाग तक जाने के लिए वाहन नहीं मिल पाया है। जोशीमठ और रुद्रप्रयाग तक जाने के लिए भी लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इधर, जिलाधिकारी आशीष जोशी का कहना है कि यात्राकाल के दौरान परिवहन विभाग को अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।