देवाल। ब्लॉक सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में सीएम के ओएसडी उर्बादत्त भट्ट ने जन समस्याएं सुनीं। ओएसडी ने ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का निराकरण न होने पर विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में व्याप्त समस्याओं, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से की जा रही हीलाहवाली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनता मिलन कार्यक्रम में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि की 137 शिकायतें दर्ज हुईं जिनमें से 85 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया। बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं के निराकरण के लिए संकल्पबद्ध है। विभागीय कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश मंत्री बलवीर घुनियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रिपुदमन सिंह रावत, अरुण मैठाणी, चंडी प्रसाद बेलवाल, दलवीर दानू, विजय रावत, गिरीश मिश्रा, खंड विकास अधिकारी विक्रम लाल शाह, पीसी जोशी, पीएस जितलवाण, हेमंत कुमार और एसएस मिश्रा आदि मौजूद थे।