नारायणबगड़। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत पिंडर घाटी के नारायणबगड़ और थराली ब्लॉकों के नव निर्मित मोटर मार्गों पर कार्यदायी विभाग पीएमजीएसवाई की ओर से बस संचालन का ट्रायल किया गया। बस संचालन का ट्रायल सफल होने पर ग्रामीण खुशी से झूम उठ।
पीएमजीएसवाई विभाग के अधिकारियों ने थराली डुंग्री से रूईसाण तक 7.43 किमी, डुंग्री-रतगांव 6 किमी, उपरीचक रतगांव 6 किमी, थराली-डुंग्री-रूईसाण-मेन 7 किमी नव निर्मित मोटर मार्गों पर बस संचालन का सफल ट्रायल किया। इससे पूर्व विभाग ने नारायणबगड़ ब्लॉक के भगोती-गडसिर, मींग-गड़कोट-हसंकोटी, रैंस-भटियाणा तथा कुलसारी-आलकोट मोटर मार्गों पर बस संचालन का सफल ट्रायल किया जा चुका है। पीएमजीएसवाई के अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि थराली और नारायणबगड़ ब्लॉकों में विभाग की ओर से नव निर्मित मोटर मार्गों पर बस संचालन का सफल ट्रायल किया गया। डुंग्री के ग्राम प्रधान प्रेम शंकर रावत ने बताया कि पीएमजीएसवाई की ओर से नव निर्मित मोटर मार्गों पर बस संचालन शुरू करने के लिए इन दूरस्थ क्षेत्र के 23 गांवों की लगभग 8061 आबादी लाभान्वित होगी। उन्होंने दूरस्थ क्षेत्र के गांवों को सड़क सुविधाओं से जोड़ने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की है।