श्रीनगर/देवप्रयाग/कीर्तिनगर। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न पुलिस थानों और चौकियों में जागरूकता अभियान चलाया गया। श्रीनगर शहर चौकी में हेड कांस्टेबल बृजपाल सिंह, कांस्टेबल मनोज बमसुवल व प्रेम प्रसाद कोठारी ने वाहन चालकों और परिचालकों को यातायात संबंधी नियमों की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चालकों से बाजार में सही तरीके से वाहन खड़े करने की अपील की।
इधर, देवप्रयाग थाने में गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें पुलिस ने वाहन चालकों को कड़ाई से यातायात नियमों का पालन करने को कहा। प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगेगी। कुछ स्थानों में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग काफी संवेदनशील है। वाहन चालकों को ऐसे में सतर्क और सजग रहकर वाहन चलाकर सबकी जान की सुरक्षा करनी चाहिए।
कीर्तिनगर कोतवाली के अंतर्गत दुगड्डा में पुलिस ने वाहन चालकों और लोगों से सुरक्षित यातायात की अपील की।