गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में असहाय और गरीब तीर्थयात्रियों के लिए श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की ओर से मुफ्त में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। धाम में 500 तीर्थयात्रियों के ठहरने की निशुल्क व्यवस्था की गई है। मंदिर समिति, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ ही विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं की ओर से लाइन में खड़े तीर्थयात्रियों को शीतल पेय और तुलसी चाय पिलाई जाएगी।
भगवान बदरीनाथ के दर्शनों को तड़के से ही तीर्थयात्रियों की लाइन लग जाती है। यात्रियों को घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। इस वक्त यात्रियों को चाय और शीतल पेय की जरूरत पड़ती है। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि धाम में बस अड्डे के समीप तीर्थयात्रियों के लिए रेन बसेरे का निर्माण किया गया है। मंदिर समिति की ओर से यात्रियों के लिए भंडारा भी लगाया जाएगा।