ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की मांग पर नगर पंचायत संघर्ष समिति से जुड़े सदस्यों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में अध्यक्ष शूरवीर सिंह चौहान ने कहा कि पूर्व में प्रदेश सरकार ने सेलाकुई को नगर पंचायत बनाने से संबंधित अधिसूचना जारी की थी, लेकिन बाद में अधिसूचना पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी। अब न तो यह क्षेत्र ग्राम सभा अंतर्गत आ रहा है और न ही नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत। जिसके चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। लोगों को जन्म, मृत्यु और परिवार रजिस्ट्रर की नकल भी नहीं मिल पा रही है। कूड़े का उठान न होने से महामारी फैलने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने उक्त समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्र में सक्षम अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग की। ज्ञापन भेजने वालों में मनीष, गणेश सकलानी, मुकेश, राजेंद्र बलूनी, दिनेश सहगल, अनिल गौड़ आदि शामिल रहे।