ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
तीर्थनगरी और समीपवर्ती क्षेत्र में एटीएम में करेंसी नोटों की किल्लत के चलते लोग परेशान हैं। नगर क्षेत्र के अधिकांश एटीएम या तो खाली हैं या फिर बंद पड़े हैं। एटीएम में नकदी नहीं होने से बैंकों में निकासी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। बुधवार से चारधाम यात्रा की शुरुआत भी हो चुके है, ऐसे में चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों को कैश की किल्लत से परेशान होना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को रेलवे रोड स्थित स्टेट बैंक के एटीएम का शटर लटका नजर आया। जबकि हरिद्वार रोड पर पीएनबी के एटीएम खाली दिखा।
एटीएम में करेंसी नोटों की कमी से लोग की मुश्किलें बढ़ी रही। पीएनबी के एटीएम से नकदी निकासी के लिए पहुंचे राजकुमार, प्रदीप कुमार, ज्योति शर्मा, अंबरीष अग्रवाल, सुशांत त्यागी, अलका रावत आदि ने बताया कि दो दिनों से एटीएम में करेंसी नहीं है। उन्हें मजबूरन बैंक में लंबी लाइनों में लगकर रकम निकालनी पड़ रही है। एटीएम खाली होने से बैंक शाखाओं में बीते दिनों के मुकाबले ज्यादा भीड़भाड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों से शहर में खरीदारी आए लोग को भी एटीएम में करेंसी नहीं होने फजीहत झेलनी पड़ी।
श्यामपुर में कहीं आफत कहीं राहत
श्यामपुर संवाददाता के अनुसार पंजाब एंड सिंध बैंक, पीएनबी श्यामपुर और वीरभद्र शाखा के बैंक अधिकारियों ने करेंसी की किल्लत से इनकार किया। जबकि स्टेट बैंक की वीरभद्र शाखा के अधिकारियों ने करेंसी की कमी होने की बात कही। पिछले दो-तीन दिनों से लोगों को कैश के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। बैंकों में भी निर्धारित कैश ही मिल पाया। स्थानीय बैंक शाखाओं के प्रबंधकों ने हालात जल्द सामान्य होने का दावा किया है।
सुबह कई एटीएम रहे बंद
डोईवाला। एटीएम में पैसे नही होने से परेशान चल रहे डोईवाला के लोगों के लिए बृहस्पतिवार को थोड़ी राहत रही। नगर के कुछ एटीएम से नोट निकले जबकि कुछ एटीएम में करेंसी का अभाव अभी भी बना हुआ है। डोईवाला नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में एटीएम मशीनों से पैसा नहीं मिलने से कई दिनों से लोग खासे परेशान चल रहे थे। बृहस्पतिवार को नगर के कुछ बैंकों के एटीएम चलते दिखाई दिए। नगर के मुख्य शुगर मिल रोड़ पर एसबीआई की शाखा के बाहर लगाए गए एटीएम में दोपहर बाद नोट मिलने शुरू हुए। पीएनबी और अन्य बैंकों के एटीएम से लोगों ने पैसे निकाले। डोईवाला में कई बैंकों के एटीएम लगे हुए हैं। बृहस्पतिवार को मशीनों से नोट मिलने से लोगों को आंशिक सुविधा मिली। बैंक अधिकारियों के अनुसार एटीएम मशीनों में पर्याप्त करेंसी रखी जा रही है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
रायवाला में भी कैश की किल्लत
रायवाला। सैन्य बाहुल्य रायवाला ग्रामीण क्षेत्र की बैंक शाखाओं में बीते कुछ दिनों से कैश की किल्लत बनी हुई है। इस दौरान क्षेत्र के अधिकांश एटीएम खाली हैं। लिहाजा लोगों को बैंक शाखाओं की शरण लेनी पड़ी। बैंक प्रबंधन की ओर से बैंकों में ग्राहकों द्वारा जमा की गई नकदी को अन्य ग्राहकों को उपलब्ध कराया गया। बृहस्पतिवार को रायवाला, छिद्दरवाला क्षेत्र में बैंक शाखाओं में भी नकदी का अभाव देखा गया। इस दौरान बैंककर्मियों द्वारा व्यवस्था कर जमा कराई गई नकदी को अन्य ग्राहकों दिया गया। कैश की कमी से उत्पन्न समस्या से आम ग्राहकों के साथ ही भवन निर्माण कार्य कराने वाले लोगों को खासी दिक्कतें पेश आई। अन्य कारोबार पर इसका असर नहीं देखा गया।
कोट्स
एसबीआई शाखा प्रबंधक मनीष बिष्ट ने बताया कि बैंक में कैश की किल्लत रही। लिहाजा ग्राहकों द्वारा जमा कराई गई धनराशि से काम चलाया गया। बताया कि कैश शुक्रवार तक उपलब्ध होने की पूरी उम्मीद है।
बैंकों से दस हजार से अधिक रकम निकासी नहीं हो पा रही है, कई घंटों के इंतजार के बाद बैंक कर्मियों द्वारा अन्य ग्राहकों द्वारा जमा कराई गई धनराशि आहरण करने वालों को दी गई।
हिकमत सिंह नेगी, पूर्व सैनिक, रायवाला।
कैश की किल्लत को देखते हुए भवन निर्माण सामग्री की बिक्री पर असर पड़ा है। इसके अलावा पुराने भुगतान मिलने थे मगर कैश की किल्लत होने से भुगतान लटक गए हैं।
बीर सिंह चौहान, व्यापारी।