ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत उत्तराखंड के 330 स्वास्थ्य उप केंद्रों का अपग्रेडेशन किया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की राष्ट्रीय आरोग्य निधि से योजना का लाभ ऋषिकेश एम्स को भी दिया जाएगा, जिसके अंतर्गत सरकार को एम्स को 10 लाख रुपये का कॉपर्स फंड उपलब्ध कराएगी, जिसका इस्तेमाल संस्थान की बेहतरी में किया जाएगा। यह जानकारी बृहस्पतिवार को बैराज रोड स्थित एम्स की प्रगति जानने पहुंचे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने दी।
बताया कि केंद्र सरकार ने आयुष्मान भारत योजना में उत्तराखंड के लिए 368 लाख रुपये का प्रावधान रखा है, जिसके तहत वित्तीय वर्ष 2017-18 में उत्तराखंड के 46 केंद्रों का आधुनिकीकरण किया गया, जबकि इस वित्तीय वर्ष में राज्य के 330 स्वास्थ्य उप केंद्र को अपग्रेड करने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रीय आरोग्य निधि (आरएएन) का लाभ दिल्ली एम्स के साथ ही अब ऋषिकेश एम्स को भी दिया जाएगा, जिसके लिए सरकार एम्स संस्थान को 10 लाख का कॉर्पस फंड मुहैया कराएगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
राज्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2022 तक सरकार के स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत के लक्ष्य को एम्स ऋषिकेश पहले ही प्राप्त कर लेगा। इससे पूर्व उन्होंने संस्थान के संकाय सदस्यों और अधिकारियों के साथ एम्स की प्रगति की समीक्षा की। संस्थान में रोबोटिक सर्जरी और रेडियो थैरेपी की सुविधा प्रारंभ होने पर खुशी जाहिर की। मौके पर डीन प्रो. सुरेखा किशोर, डिप्टी डॉयरेक्टर प्रशासन अंशुमन गुप्ता, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुबोध, डॉ. कालिया, अधिशासी अभियंता एसबी पांडेय, जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल मौजूद थे।