जोशीमठ। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने केदारनाथ के गर्भगृह में दो एयर कंडीशनर लगाने का निर्णय लिया है। यात्राकाल के दौरान केदारनाथ गर्भगृह में तीर्थयात्रियों का हुजूम उमड़ने से उमस होने लगती है, जिसे देखते हुए बीकेटीसी ने यह निर्णय लिया है। जोशीमठ में समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों की बैठक लेेते हुए बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह ने कहा कि केदारनाथ मंदिर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा। केदारनाथ गर्भगृह और सभा मंडप में दो-दो और भोगमंडी में एक सीसीटीवी कैमरा लगाया जाएगा। केदारनाथ परिसर में आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को धाम में अलाव के लिए पर्याप्त मात्रा में सूखी लकड़ी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस मौके पर केदारनाथ के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी सहित कई लोग मौजूद थे।