श्रीनगर। भ्रष्टाचार के आरोप में घिरे गढ़वाल विवि के वित्त अधिकारी को विवि प्रशासन ने क्लीन चिट दे दी है। वहीं शिकायतकर्ता ने इस संबंध में न्यायालय जाने की बात कही है।
गढ़वाल विवि के वित्त अधिकारी पर वेतन में अतिरिक्त धनराशि लेने के आरोप लगाया था। इस संबंध में गढ़वाल विवि के सिस्टम मैनेजर संजीव श्रीवास्तव ने कुलपति से शिकायत भी की थी। हालांकि वित्त अधिकारी डा. पदमाकर मिश्र ने आरोप लगने के बाद विवि के खाते में 4 लाख से अधिक की धनराशि जमा कराई थी। वहीं विवि के ही कर्मचारी संतोष मंमगाई ने वित्त अधिकारी पदमाकर मिश्र के खिलाफ कोतवाली श्रीनगर में स्पीड पोस्ट के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले को विवि का अंदरूनी मामला बताते हुए मुकदमा दर्ज करने से इंकार कर दिया था। अब गढ़वाल विवि प्रशासन ने भी वित्त अधिकारी को क्लीन चिट दे दी है। विवि की कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि आरोपों की जांच के लिए कमेटी गठित की गई थी। कमेटी की रिपोर्ट व वित्त अधिकारी के जवाब के आधार पर क्लीन चिट दी गई है। प्रो. नौटियाल ने बताया कि इस संबंध में एमएचआरडी को भी सूचित कर दिया गया है। वहीं शिकायत कर्ता संतोष मंमगाई ने कहा कि वह विवि के निर्णय से संतुष्ट नहीं है। इस मामले में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। साथ ही मामले को दबाने का प्रयास करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।