श्रीनगर। गढ़वाल केंद्रीय विवि का नया शिक्षा सत्र 17 जुलाई से शुरू होगा। जबकि विवि में 1 जून से 15 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। हालांकि इस दौरान विवि के प्रशासनिक भवन में कामकाज जारी रहेगा।
सोमवार को कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल की अध्यक्षता में विवि की प्रवेश समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विवि का शैक्षणिक कैलेंडर निर्धारित किया गया। इस दौरान डीएसडब्ल्यू प्रो. सुरेखा डंगवाल ने बताया कि विवि का नया शिक्षा सत्र 17 जलाई से शुरू होगा। प्रवेश के लिए आवेदन पत्रों की बिक्री 11 जून से शुरू होगी। सेमेस्टर प्रणाली अनियमित न हो, इस संबंध में भी बैठक में चर्चा की गई। प्रो. डंगवाल ने बताया कि सम सेमेस्टर की परीक्षाएं 1 मई से व विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 1 दिसंबर से शुरू होंगी। वहीं विवि प्रशासन ने प्रवेश के लिए ऑन लाइलन प्रक्रिया पर जोर दिए जाने का निर्णय लिया है। इसके लिए विवि प्रशासन हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी करेगा। छात्रों को ऑन लाइन प्रक्रिया के लिए प्रोत्साहित करने के लिए प्रवेश प्रक्रिया से पूर्व विवि के सभी परिसरों में छात्रों व छात्र नेताओं से डीएसडब्ल्यू बोर्ड सीधा संवाद करेगा। बैठक में सभी स्कूलों के डींस व वरिष्ठतम शिक्षकों के साथ ही कुलसचिव डा. एके झा, संयुक्त कुलसचिव डा. एके मोहंती, उपकुलसचिव परीक्षा एचएम आरोड़ा आदि मौजूद थे।