गोपेश्वर। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में 25 शिकायतें दर्ज र्हुइं। डीएम आशीष जोशी ने अधिकारियों को दर्ज शिकायतों के तय समय में निस्तारण के निर्देश दिए। कहा कि दर्ज शिकायतों के निस्तारण में देरी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला सभागार में आयोजित शिविर में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पीटीए पदाधिकारियों ने विद्यालय भवन निर्माण की मांग उठाई। कहा कि भवन न होने से कक्षाओं के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। ग्राम प्रधान गुलाड़ी सुलोचना देवी ने प्रावि गुलाडी और सितेल में पुराने भवनों के पुनर्निर्माण की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति के बाद भी विभागीय अधिकारियों की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। करछी गांव के ग्रामीणों ने ढाक-करछी मार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहीत नाप भूमि के मुआवजे का भुगतान, गांव में एएनएम सेंटर की स्थापना, पर्यटक आवास गृह बनाने, पंचायत तथा आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भवन निर्माण और पशु केंद्र खोलने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने मनरेगा योजना में रोजगार न मिलने और जंगली जानवरों की ओर से फसलों के नुकसान की शिकायत भी दर्ज की। धुर्मा गांव के ग्रामीणों ने खेमी गांव को उस्तोली पटवारी क्षेत्र के बजाय मोख पटवारी क्षेत्र में शामिल करने, कारगिल शहीद हिम्मत सिंह के गांव बांसवाड़ में शहीद गेट का निर्माण और धुर्मा गांव में पंचायत घर निर्माण की मांग उठाई। इस पर डीएम ने सीडीओ, मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को शीघ्र शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ विनोद कुमार सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद थे।