नारायणबगड़/गैरसैंण। नारायणबगड़ और गैरसैंण में रविवार को आयोजित बैसाखी मेलों में श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं की पूजा अर्चना की। रविवार को कौब, मींग तथा माल गांवों में आयोजित बैसाखी मेलों में कौबेश्वर महादेव, मींगेश्वर महादेव और मालेश्वर महादेव मंदिरों में पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारों के साथ रुद्राभिषेक पाठ कर भगवान भोलेनाथ की पूजा की। दोपहर को सभी देवताओं की डोलियों ने क्षेत्रपाल देवताओं की अगुवानी में गांवों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। इस दौरान भक्तों ने महादेव और क्षेत्रपाल देवताओं को विभिन्न प्रकार के भोग, वस्त्र और आभूषण अर्पित किए। गैरसैंण में आयोजित दो दिवसीय पौराणिक बैसाखी मेले के दूसरे दिन गैरसैंण के सिद्धपीठ नंदादेवी के मंदिर में गैड़ गांव की देवी की डोली और धारगैड़ के शंकर भगवान की देव डोलियों का मिलन हुआ। इस दौरान देवी-देवताओं के पश्वाओं ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद दिया। देव डोलियों के मिलन के क्षणों को देखकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। इस मौके पर गंगा माई के पुजारी खीमा नंद गैडी, शंकर के पुजारी गंगा सिंह नेगी, नंदा देवी के पुजारी जनार्दन पुजारी, नगर पंचायत अध्यक्ष गंगा सिंह पंवार, पूरन सिंह नेगी व राजेंद्र नेगी सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।