ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
महासू मंदिर हनोल सहित 20 गांव में आगामी दिनों में बिजली की किल्लत नहीं होगी। हनोल फीडर शुरू होने से लो-वोल्टेज की समस्या से क्षेत्र के लोगों को निजात मिलेगी। बिजली विभाग के फीडर के लिए 40 लाख के प्रस्ताव को शासन से स्वीकृति मिल गई है। उम्मीद है कि जल्द ही बजट जारी होने पर कार्य शुरू हो जाएगा।
महासू मंदिर हनोल, रगवाड़, मैन्द्रथ, डंडोली, पुरटाड़, धनराश, शंठगधार, चातरा, चातरीगाड़, भ्यूलाड़ा, भट्टा, कुपा, गुर्जर बस्ती समेत 20 गांवों में लो-वोल्टेज की समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोग लगातार हनोल फीडर स्थापित करने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर बिजली विभाग ने फीडर के लिए 40 लाख का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। यूपीसीएल के एसडीओ अशोक कुमार ने बताया कि त्यूनी सबस्टेशन से हनोल फीडर के लिए 40 लाख की शासन से स्वीकृति मिल गई है। बजट मिलने पर जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। स्थानीय निवासी गोविंद राम, प्रताप रावत, देवेंद्र नौटियाल आदि का कहना है कि हनोल फीडर स्थापित होने से लो-वोल्टेज के साथ मंदिर में आने वाले यात्रियों को भी अंधेरे में रात नहीं गुजारनी पड़ेगी।