गोपेश्वर। नगर पठियालधार बाईपास मार्ग पर लोनिवि के अधिकारियों की लापरवाही स्थानीय लोगों के लिये परेशानी का सबब बन गई है। यहां बसंत बिहार, आदर्श कॉलोनी, एसएसबी कैंप और पपडियांणा मोहल्लों को यातायात की सुविधा से जोड़ने वाली पठियालधार-गोपीनाथ मंदिर आरसीसी सड़क पर विभाग की ओर से किया गया आधा-अधूरा कार्य मुसीबत बन गया है। लोगों को यहां आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय विनोद जोशी, देवेंद्र सिंह, बदरी सिंह और मनोज कुमार का कहना है कि लोनिवि की ओर से बीते एक माह पूर्व पठियालधार-गोपीनाथ मंदिर सड़क का सुधारीकरण कार्य शुरू किया गया था, जिसके बाद विभाग की ओर से यहां आरसीसी कार्य पूर्ण करने के बाद कार्य को छोड़ दिया गया है। इससे सड़क के बीचोंबीच गुजर रही नालियों के ऊपर जालियां नहीं लगाई गई है। कहा कि कई बार विभागीय अधिकारियों से शिकायत किये जाने के बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता धन सिंह का कहना है कि पठियालधार बाईपास मार्ग पर आरसीसी वर्क किया गया था, जिसके चलते यहां वाहनों की आवाजाही रोकने के लिये जालियां नहीं लगाई गई थी, लेकिन यदि अभी वहां जालियां नहीं लगाई गई हैं तो इसे दिखवाया जाएगा और शीघ्र जालियां लगवा दी जाएंगी।