जोशीमठ। चारधाम यात्रा को सकुशल और निर्विघ्न रुप से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने कोतवाली जोशीमठ में पुलिस अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। एसपी ने कहा कि यात्रा के दौरान रात नौ बजे के बाद वाहनों की आवाजाही बंद कर दी जाएगी। रात के समय यात्रा वाहनों का किसी भी सूरत में संचालन नहीं करवाया जाएगा। एसपी ने जनप्रतिनिधियों से चारधाम यात्रा के संचालन में सहयोग मांगा।
जोशीमठ कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में एसपी तृप्ति भट्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान मजबूत ट्रैफिक प्लान लागू किया जाएगा। हाईवे के बंद होने पर वनवे ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाएगी। यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। एसपी से लोगों से बिना पुष्टि के कोई भी खबर सोशल मीडिया पर अपलोड न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अपराध और संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस दौरान एसपी ने कोतवाली जोशीमठ का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक हरवंश सिंह, आशुतोष शाह, नवीन कुमार, प्रवीण, गिरीश सती और मनमोहन आदि मौजूद थे।