देवाल। सोडिंग के ग्रामीणों ने प्रस्तावित देवसारी जलविद्युत परियोजना के तहत हो रहा रॉक टेस्टिंग सर्वे का काम रुकवा दिया। ग्रामीणों ने देवसारी में प्रस्तावित जलविद्युत परियोजना से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों का दोबारा सर्वे कराने और सूची में प्रभावितों की सही संख्या दर्शाने की मांग सरकार से की।
ब्लाक के देवसारी में केंद्र सरकार और हिमाचल के संयुक्त उपक्रम सतलुज के की ओर से पिंडर नदी में 252 मेगावाट की देवसारी जल विद्युत परियोजना का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए परियोजना कर्मियों की ओर से रॉक टेस्टिंग सर्वे किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को सोडिंग के पास सतलुज की ओर से सर्वे किया जा रहा था। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और काम बंद करवा दिया। इसके बाद हुई बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि सतलुज परियोजना कर्मियों की ओर से सरकार को प्रभावितों की सही रिपोर्ट नहीं भेजी जा रही है। कहा कि इस परियोजना की जद में कई मकान आ रहे हैं, जबकि सैकड़ों नाली कृषि भूमि डूब क्षेत्र में आ रही है। सतलुज की ओर से अपनी सर्वे रिपोर्ट में प्रभावित क्षेत्रों की संख्या न्यून दिखाई गई है। ग्रामीणों ने सरकार से पुन: प्रभावित गांव का सर्वे करने की मांग की। विरोध प्रदर्शन करने वालों में भूपाल सिंह, केशी राम, ललित सिंह, भवान सिंह, सुरेंद्र सिंह, आलम सिंह, जोगंदी देवी, रेखा देवी, बिमला देवी, पप्पी देवी, उषा देवी और गोविंद सिंह आदि शामिल थे।